Chandigarh Today

Dear Friends, Chandigarh Today launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards http://chandigarhtoday.org

Posted by Surinder Verma on Tuesday, June 23, 2020

नोटबंदी का एक साल पूरा : कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, भाजपा ने कालाधन के पुतले फूंके

0
135

चंडीगढ़। एक साल पहले हुई नोटबंदी के खिलाफ पंजाब में कांग्रेस ने बुधवार को काला दिवस मनाया तो भाजपा ने इसे काला धन विरोध दिवस के रूप में मनाया। कांग्रेस ने नोटबंदी के खिलाफ बुधवार को चंडीगढ़ और पूरे पंजाब में प्रदर्शन किया। चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और पानी की बौछार की। प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष सुनील जाखड़ पठानकोट में प्रदर्शन में शामिल हुए। दूसरी ओर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने नोटबंदी के एक साल पूरा होने पर कालाधन का पुतला फूंका।
चंडीगढ़ में कांग्रेस कार्यकताओं ने सेक्‍टर 34 में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे और नोटबंदी के खिलाफ नारे लिखे पोस्‍टर व तख्तियां ले रखी थीं। इस दौरान पुलिस ने उनको आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर उन्‍हें आगे बढ़ने से रोका तो प्रदर्शनकारियों की उससे झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने जबरन आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उन पर ठंडे पानी की बौछार की। इस दौरान प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताअों ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
फतेहगढ़ साहिब में भी नोटबंदी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला फूंका। गुरदासपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। गुरदासपुर में हल्का विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहडा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने नोटबंदी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
अमृतसर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नोटबंदी के खिलाफ प्रदर्शन किया। अमृतसर के हाल बाजार स्थित गोल हटी चौक पर काग्रेसियों ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शन का नेतृत्‍व विधायक ओम प्रकाश सोनी अौर जिला प्रधान जुगल किशोर शर्मा ने किया।