
सीबीएम प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक से मुलाकात कर कोलैटरल रेट्स में बढ़ोतरी वापिस लेने की मांग की
व्यापारियों के लंबित मुद्दे भी उठाए
चण्डीगढ़ : चण्डीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) के नवनियुक्त अध्यक्ष संजीव चड्ढा और चेयरमैन चरणजीव सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल और चण्डीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में सीबीएम के मुख्य संरक्षक सतपाल गुप्ता, महासचिव बलविंदर सिंह और सचिव सुशील बंसल भी शामिल थे।
बैठक के दौरान अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने एकमुश्त निपटान (ओटीएस) योजना को लागू करने में हो रही देरी और अन्य लंबित व्यापारी मुद्दों पर चिंता व्यक्त की। सीबीएम के चेयरमैन चरणजीव सिंह ने व्यापार संचालन को सुगम बनाने के लिए भवन उपनियमों में तत्काल संशोधन की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कोलैटरल रेट्स में बढ़ोतरी पर विरोध दर्ज कराते हुए इसे वापिस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि व्यापारी समुदाय पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। व्यापारियों ने प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाया कि अनुकूल व्यापारिक नियमों के चलते व्यवसायी पास के राज्यों में स्थानांतरित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासक से आग्रह किया कि इस समस्या का समाधान किया जाए और चंडीगढ़ में व्यापार के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जाए।
संस्था के उपाध्यक्ष एवं आधिकारिक प्रवक्ता दिवाकर सहूंजा ने कहा कि सीबीएम लगातार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए कार्यरत है। चंडीगढ़ के व्यापारियों की सर्वोच्च संस्था के रूप में, सीबीएम का उद्देश्य शहर में सकारात्मक व्यापारिक वातावरण को बढ़ावा देना और वाणिज्य के विकास में योगदान देना है।